बिखरे पत्तों की लिपि

कुछ एक दिन रात में बहुत पत्ते झड़ जाते हैं। उनकी बेतरतीबी में भी हवा का बनाया संयोजन है। किसी बिल्ली ने कुछ एक को साथ कर दिया होगा। कई पत्ते गिलहरियों के इधर उधर दौड़ने से अपने गिरने के स्थान से विचलित हुए होंगे। ठीक ऐसे ही हम कुछ एक दिन रात में कितने झड़ जाते और कितने बेतरतीब बिखरते हैं।

सुबह की पहली चाय लिए, एक युवा आम के पेड़ और उसके आसपास खिले अलग फूलों वाले पौधों के बीच बैठा क्षण भर को प्रकृति के इस रूप को देखता हूँ। मन इस देखने में नहीं रमता। सोचता हूँ कि कुछ और देर इनको यथावत देखा जा सके, इनकी भाषा को बाँचने का प्रयास किया जा सके या फिर मैं स्वयं बिखरे पत्तों की बेतरतीबी में छुपी हुई कोई मूल्यवान बात ढूंढ सकूँ।

मन हथेली से किसी फाहे की भांति उड़ जाता है। मैं इस बेमन, मन का पीछा नहीं करना चाहता किंतु एक अदृश्य बंधन है। वह कोई बेचैनी है। मुझे अपने साथ खींच ले जाती है। खुले आंगन से घर में आते ही लगता है, रौशनी पीछे छूट गई है। अधिक रोशनी में कम बेचैनी है। बंद दीवारों पर जैसे कई मुखौटे टंगे हैं। उनकी कोई निश्चित शक्ल नहीं है। वे निर्जीव है किंतु लगता है कि मेरे भीतर का संदेह उन मुखौटों से झांकता है।

क्या जीवन का कोई प्रतिशत होता है? कि ये एक प्रतिशत अच्छा है और बाकी सब अच्छा नहीं है। इसको कैसे तय किया जा सकता है। क्या कोई सिक्का उछाल लिया जाए। क्या किसी फूल के झरने की प्रतीक्षा की जाए। या फिर मैं सोचूं कि अब चिड़िया बोलेगी, फुर्र से उड़ेगी या कोई नई चिड़िया आएगी तो एक प्रतिशत जो संदेह है, वह कोरी चिंता भर निकलेगा। लेकिन इस से कोई उलझन आसान नहीं होती। अगर ऐसा हो जाए तो एक बार आई, सुख की लंबी सांस जल्द पूरी हो जाती है। अंगुलियाँ फिर से जेब में सिक्का खोने लगती हैं।

क्या मन हमारे जीने को एक जुआ बना देता है। क्या मन एक भँवर के बीच लाकर डुबो देता है। वह भंवर जाने कहां जाकर खुलता होगा।  उसमें कितनी देर की सांस बची रहेगी। एक झुरझुरी होती है। समाप्त हो जाने की झुरझुरी। 

कितने ही लोग कितना कुछ रौंदते हुए आगे बढ़ जाते हैं। उनको अस्ल में ये भी नहीं मालूम होता कि वे कुछ नष्ट कर चुके हैं। इसके विपरीत कुछ लोग किसी एक साधारण समझे जाने वाली बात पर घंटों, दिनों या महीनों पश्चाताप से भरे जीते हैं। इसको संवेदनशीलता की अधिकता कहा जा सकता है? शायद नहीं। कि वह ठीक-ठीक उतनी ही मात्रा में हमारे भीतर उपस्थित होती है, जितना प्रकृति ने हमें दिया होता है।

कभी-कभी एक अट्टहास करने को मन चाहता है। पुराने मुहावरों को दोहराना चाहता है। "होनी है सो होय" या फिर तुलसी के शब्दों में "होई है सो राम रची राखा।" मगर मन का क्या होता है? वह दीवाना पतंगा, अल्हड़, बेख़बर और आवरा शै बेक़ाबू है। प्रेमियों को जितना प्रेमियों ने नहीं सताया, उस से अधिक मन ने सताया होता है।

इसलिए सब बेतरतीब पत्ते बुहार देता हूँ। जैसे ऐसा करने पर सुख आएगा। बुहार कर मुस्कुराता हूँ या शायद उदास होता हूँ कि ये तो केवल आंगन साफ हुआ, मन वैसा ही है।

शुक्रिया मन। 

[तस्वीर में एक शहर की खुली सड़क] 

Popular Posts