Posts

Showing posts from May, 2023

दरकते दायरे

Image
पुस्तक मेला में विनीता जी मिल गए थे। उस भेंट में उनकी दो किताबों पर साइन भी करवा लिए। विनम्र व्यक्तित्व।  वहाँ से लौटा तो बाड़मेर में सुबह के धुएं-धकार, थड़ी की चाय-शाय, दफ़्तर की हाजरी और शाम को खेल की उछल कूद में दिन बीतते गए। रेगिस्तान में कुछ दिनों मौसम अकारण सुहाना बना रहा। लोग अचरज करने लगे कि ये कैसा मौसम है। अप्रैल मई में ठंडी हवाएं चल रही। मौसम को अपने बारे में शिकायतें पसंद नहीं आई और उसने लू से रेगिस्तान को भर दिया।  लेकिन रेगिस्तान के लोगों को क्या फर्क पड़ता है। एक ने कहा आज गर्मी ज्यादा है। तो दूजे ने गर्दन झटक कर गर्मी को नाकाम और फालतू ठहरा दिया। तीजा कहता है, इस गर्मी में बाहर नहीं आना चाहिए था मगर एक जगह बैठे ऊब होती है। गर्मी बेचारी क्या बिगाड़ती है। पड़ती है, पड़ने दो।  ऐसे में किताबें पढ़ना, लिखना और कुछ आराम करना भी नहीं हो पाता। मैंने कुछ नहीं पढ़ा। हालांकि कुछ नहीं कुछ नहीं कहते हुए दो छोटे उपन्यास और एक अच्छी कहानी पढ़ ली थी। मगर ये कम ही रहा। गर्मी ज़्यादा रही।  दो दिन पहले अवकाश पर जयपुर आ गए। सामने चार किताबें दिखीं। विनीता जी का उपन्यास दरकते दायरे पढ़ना शु

सलेटी जींस

Image
बीते दिनों हमने कई बार तय किया कि इस बार स्काय ब्लू जींस और व्हाइट शर्ट, टी खरीदेंगे। अगले कुछ बरस यही रंग पहनेंगे।  कौन जानता है कि खरीदे जाएंगे कि नहीं अगर खरीदे गए तो कब तक पहने जा सकेंगे।  पुरानी तस्वीरों में दोस्त अब भी गले लगे, चिपके और मुस्कुराते हुए बैठे हैं। वे दोस्त जो कि हम कभी नहीं बिछड़ेंगे के फील से भरे थे। अब बस तस्वीरों में हैं।  उन तस्वीरों को देखकर शुबहा होता है कि क्या वे दोस्त थे?  लेकिन दिल तवज्जो नहीं देता। वह खुश रहता है कि उम्र भर चलने वाली चीज़ें, रिश्ते या याराने की आस क्या रखना? जब तक जितना साथ था, अच्छा था न। खुश भी थे न?  ऐसे ही एक हल्के सलेटी रंग की जींस थी। ब्लॉग में कहीं उसकी याद के निशान मिलते हैं। जब तक साथ रही दिल में रही। फिर कभी वह रंग सामने आया ही नहीं।  एक तांत्रिक पूछता है। रूह देखी है कभी। वही तांत्रिक रूहों के लिबास भी जानता है। उस तांत्रिक के बहुत चाहने वाले हैं। उनमें से एक ने मुझसे पूछा था। रूह को महसूस किया है कभी?  पता नहीं तब मैने उसे क्या जवाब दिया था। अब फिर से किसी ने मुझे पूछा तो कह सकता हूं। तुम हल्का आसमानी नीला और सफेद पहनकर मिलना।